गाजियाबाद में शुक्रवार देर रात पुलिस ने दो लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक के पैर में गोली लगी जबकि दूसरा पुलिस के घेराबंदी में पकड़ लिया गया। ये दोनों आरोपी महिलाओं से गहने, खासकर मंगलसूत्र लूटने की कई वारदातों में शामिल थे। हाल ही में इन्होंने शालीमार गार्डन इलाके में एक महिला से मंगलसूत्र छीना था।
चेकिंग के दौरान की पुलिस पर फायरिंग
शालीमार गार्डन पुलिस शुक्रवार रात BSNL एक्सचेंज कट के पास चेकिंग कर रही थी, तभी स्कूटी पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पुलिस को शक हुआ और पीछा शुरू किया गया। भागते समय स्कूटी फिसलकर गिर गई, जिसके बाद एक आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा भागने की कोशिश में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
लूट के बाद नोएडा के होटलों में करते थे पार्टी
ACP अतुल कुमार सिंह ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान करन पुत्र विजयपाल, निवासी कबूल नगर बेहटा हाजीपुर, थाना लोनी बॉर्डर गाजियाबाद के रूप में हुई है। वहीं दूसरा आरोपी सुशील शर्मा पुत्र विजेंद्र शर्मा, मूल निवासी सिसोली जिला मेरठ है, जो वर्तमान में गोकुलपुरी, दिल्ली में किराए पर रह रहा था।
पूछताछ में दोनों ने कबूला कि वे पिछले दो महीनों में चार से पांच महिलाओं से गहने लूट चुके हैं। लूट के बाद वे दिल्ली जाकर होटल में पार्टी करते थे। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी, तमंचा, 7 हजार रुपये और एक मंगलसूत्र बरामद किया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें