गाजियाबाद के लोनी इलाके में पुलिस ने एक अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। यह हुक्का बार लोनी बॉर्डर थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर एक रेस्टोरेंट की दूसरी मंजिल पर चल रहा था। इसकी जानकारी तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और शुक्रवार रात मौके पर छापेमारी की।
छापे के दौरान पुलिस ने हुक्का बार का संचालन कर रहे मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सतीश गर्ग के रूप में हुई है। वह दिल्ली के शाहदरा का निवासी है। मौके से छह हुक्के, पांच पाइप, छह चिलम और फ्लेवर तंबाकू का एक पैकेट बरामद किया गया। वहीं, हुक्का पी रहे युवक पुलिस को देखते ही फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में मैनेजर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। सहायक पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) अजय कुमार ने बताया कि हुक्का बार रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से चल रहा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें