तालिब दिल्ली भाग जाया करता था, पुलिस पर चलाई थी गोली
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी तालिब को पुलिस ने पीछा कर पकड़ते हुए उसके पैर में गोली मारी। मौके से एक लूटी हुई चेन, एक तमंचा और बाइक बरामद की गई है।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर की थी फायरिंग
एसीपी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार रात DAV कट के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक वजीराबाद रोड की ओर से आते दिखाई दिए। जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया, और कुछ दूरी पर दोनों ने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तालिब को गोली मारकर पकड़ लिया।
तालिब का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार बदमाश की पहचान तालिब उर्फ टिक्की पुत्र स्वर्गीय मेहरबान अली के रूप में हुई, जो गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र के पसोंडा इलाके का निवासी है। 25 वर्षीय तालिब 9वीं कक्षा तक पढ़ा है और उस पर दिल्ली व गाजियाबाद में लूट के कुल चार मामले दर्ज हैं। वह अपने साथी मोनू पुत्र शाहिद के साथ अब तक 10 से ज्यादा लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। वारदात के बाद दोनों दिल्ली भाग जाते थे। बरामद की गई चेन शालीमार गार्डन क्षेत्र की एक महिला से लूटी गई थी। फरार बदमाश की तलाश जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें